गरीब को भी मिलेगी मुफ्त हवाई एम्बुलेंस — MP सरकार ने लॉन्च किया ‘एयर एम्बुलेंस एमपी’ ऐप.
Free Air Ambulance for the Poor Too — MP Government Launches ‘Air Ambulance MP’ App.

Special Correspondent, Richa Tiwari, Bhopal, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक आधुनिक एवं तेज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए “एयर एम्बुलेंस एमपी” पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इसका शुभारंभ किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत किसी भी नागरिक को समय पर उपचार के अभाव में जीवन न गंवाना पड़े।
अब मोबाइल ऐप से आसान होगा अनुरोध
सरकार के अनुसार नए पोर्टल और मोबाइल ऐप के जरिए एयर एम्बुलेंस सेवा के लिए आवेदन प्रक्रिया अब अधिक सरल और तेज हो जाएगी।
पोर्टल में:
- एयर एम्बुलेंस फ्लीट की रियल टाइम ट्रैकिंग
- डिजिटल सेवा अनुरोध प्रणाली
- रियल टाइम नोटिफिकेशन
- समयबद्ध स्वीकृति अलर्ट
जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके जरिए पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का दावा किया गया है।
140 जीवनरक्षक मिशन सफलतापूर्वक पूरे
पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा अब तक प्रदेश में 140 से अधिक जीवनरक्षक मिशन सफलतापूर्वक पूरे कर चुकी है।
इन मिशनों में:
- नवजात शिशुओं का एयर ट्रांसफर
- हृदय रोगियों की आपात सहायता
- ट्रॉमा केस
- न्यूरोलॉजिकल इमरजेंसी
- अंग प्रत्यारोपण से जुड़े मरीज
शामिल रहे हैं।
गरीब मरीजों को निःशुल्क सुविधा
सरकार ने बताया कि आयुष्मान भारत कार्डधारकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को एयर एम्बुलेंस सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि दूरी और आर्थिक स्थिति इलाज में बाधा न बने।
भोपाल में 24×7 एयर मेडिकल ऑपरेशन सेंटर
सेवा के संचालन के लिए भोपाल में 24 घंटे एयर मेडिकल ऑपरेशन सेंटर स्थापित किया गया है। इसके तहत:
- “बीचक्राफ्ट किंग एयर C-90” फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट
- “AW-109” मल्टी इंजन हेलीकॉप्टर
लगातार स्टैंडबाय पर रखे गए हैं, जिससे आपात स्थिति में त्वरित एयर मेडिकल सहायता दी जा सके।
कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अशोक बर्णवाल, आयुक्त स्वास्थ्य धनराजू एस, फ्लाईओला एविएशन के CMD एस. राम ओला, डायरेक्टर कॉर्पोरेट अफेयर्स डॉ. मोनिका तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।