कारंजा में सेवा का नया अध्याय! डॉ. मोहन भागवत ने किया स्मृति भवन-नेत्रालय का लोकार्पण.
A New Chapter of Service in Karanja! Dr. Mohan Bhagwat Inaugurates Smriti Bhawan and Madhav Eye Hospital.

MP संवाद समाचार, भोपाल।
विशेष संवाददाता आनंद ताम्रकार, बालाघाट।
बालाघाट। लांजी क्षेत्र के ग्राम कारंजा में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत पहुंचे। उन्होंने यहां नवनिर्मित स्मृति भवन एवं बालासाहेब देवरस माधव नेत्रालय का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सेवा और संवेदना को बताया भारतीय संस्कार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि पिछले 200 वर्षों में भारत में जितने महापुरुष हुए हैं, उतने दुनिया के इतिहास में देखने को नहीं मिलते। उन्होंने कहा कि भारत की मिट्टी में सेवा और संवेदना का भाव है तथा दूसरों के दुख को देखकर भारतीय समाज की आंखें नम हो जाती हैं।
उन्होंने एक विमान से जुड़े प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में अपने प्राणों की चिंता किए बिना दूसरों की जान बचाने का प्रयास भारतीय संस्कार और सेवा भावना का परिचायक है।
डॉ. भागवत ने बालासाहेब देवरस और भाऊराव देवरस के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों भाइयों ने अपना जीवन समाज और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया।
देवरस बंधुओं की स्मृतियों को संजोएगा स्मृति भवन
ग्राम कारंजा में निर्मित स्मृति भवन का उद्देश्य संघ के तृतीय सरसंघचालक बालासाहेब देवरस और उनके छोटे भाई भाऊराव देवरस के जीवन, विचार और सामाजिक योगदान से जुड़ी स्मृतियों को संरक्षित एवं प्रदर्शित करना है।
सेवा न्यास के अनुसार, इस भवन के माध्यम से देवरस बंधुओं के कार्यों और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। कारंजा में सेवा प्रकल्पों के तहत स्कूल, आवासीय विद्यालय, गौशाला और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र जैसी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
माधव नेत्रालय से ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
लोकार्पित बालासाहेब देवरस माधव नेत्रालय के माध्यम से कारंजा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर नेत्र संबंधी स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को लेकर करीब दो हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। डॉ. भागवत के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम स्थल और आसपास करीब 1500 जवानों की तैनाती की गई थी। इनमें जिला पुलिस बल के साथ सीआरपीएफ, हॉक फोर्स और सीआईएसएफ के जवान शामिल रहे।
बालाघाट पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखी गई थी और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
Legal Disclaimer: This report is based on information provided by event organizers, public statements, and local sources. Any statements attributed to individuals are reported for journalistic purposes and do not necessarily represent the views of MP Samwad News. Readers should independently verify claims where necessary.