बालाघाट के मेले में चाऊमीन के बाद बिगड़ी 118 बच्चों की तबीयत, खाद्य सुरक्षा पर सवाल!
118 Children Fall Ill After Eating Chowmein at Balaghat Fair; Food Safety Under Scrutiny!

विशेष संवाददाता, आनंद ताम्रकार | MP संवाद समाचार
बालाघाट, 22 नवंबर 2026। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक मेले के दौरान बच्चों की सेहत से जुड़ी गंभीर घटना सामने आई है। किरनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम हिर्री में 21 नवंबर को आयोजित मंडई मेले में चाऊमीन खाने के बाद कथित फूड पॉइजनिंग से 118 बच्चे बीमार पड़ गए। बच्चों को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। घटना ने मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बीमार बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार शुरू हुआ। बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रात में 45 बच्चों को जिला चिकित्सालय बालाघाट रेफर किया गया। इसके अलावा 12 वयस्क मरीजों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कलेक्टर पहुंचे अस्पताल, मरीजों का जाना हाल
घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर आदित्य सिंह 22 नवंबर की सुबह जिला चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने भर्ती बच्चों और अन्य मरीजों से मुलाकात कर उनकी तबीयत की जानकारी ली। कलेक्टर ने चिकित्सकों को सभी मरीजों का समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग ने बताई मरीजों की स्थिति सामान्य
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया के अनुसार, जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती सभी 45 बच्चों और मेडिकल वार्ड में भर्ती 12 वयस्कों की स्थिति सामान्य है। सभी खतरे से बाहर हैं और चिकित्सकीय निगरानी में उपचार जारी है। किरनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती अन्य बच्चों को उपचार के बाद स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल खाद्य सुरक्षा का है। मेले में बिक रही चाऊमीन और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हुई थी या नहीं? खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित दुकान से नमूने लेकर जांच की है या नहीं? आखिर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार विभाग क्या कदम उठाएगा?
बच्चों की सेहत से जुड़ा यह मामला केवल उपचार तक सीमित नहीं रहना चाहिए। खाद्य पदार्थों की जांच और जिम्मेदारी तय करने की कार्रवाई भी जरूरी है।
www.mpsamwad.com
Legal Disclaimer.
This report is based on information provided by local authorities and health department statements available at the time of publication. The suspected link between consumption of chowmein and the reported illnesses has not been independently confirmed through laboratory findings. No vendor or individual is declared responsible. The concerned authorities are requested to clarify whether food samples were collected and whether an investigation is underway. This report is intended solely for public information and awareness.