Food Safety पर बड़ी कार्रवाई: इंदौर में सैंपल, नोटिस और कथित खामियों से मचा हड़कंप.
Major Food Safety Action: Samples Collected, Notices Issued, and Alleged Lapses Spark Concern in Indore.

Special Correspondent, Richa Tiwari, Bhopal, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, इंदौर/भोपाल। इंदौर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। 16 सितंबर को शहर के विभिन्न रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण और जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई। विभागीय निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कमियां दर्ज की गईं। कुछ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए और संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए।
सिंफनी रेस्टोरेंट में सैंपल लिए, कई कमियां दर्ज
सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत के आधार पर कैट रोड स्थित सिंफनी रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार मौके से पनीर, नूडल्स, तैयार ग्रेवी और घी के नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान किचन की साफ-सफाई में कमी, फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होना और पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट मौके पर नहीं मिलना दर्ज किया गया। रेफ्रिजरेटर में निर्धारित तापमान का पालन नहीं होने, खाद्य सामग्री पर डेट मार्किंग नहीं होने और कुछ सामग्री खुले में रखे होने की बात भी निरीक्षण रिपोर्ट में सामने आई। प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार के लिए सूचना पत्र जारी किया गया है।
टिंबकतु में कॉकरोच, खुले डस्टबिन और स्टोरेज पर सवाल
सत्य साईं चौराहा, स्कीम नंबर 54 स्थित टिंबकतु रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। यहां से दाल, चावल, मैदा और मूंगफली दाना के नमूने जांच के लिए लिए गए।
विभागीय निरीक्षण के मुताबिक वेजिटेरियन और नॉन-वेजिटेरियन खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। खुले डस्टबिन और किचन में कॉकरोच पाए जाने की बात भी रिपोर्ट में दर्ज है। इसके अलावा किचन की स्वच्छता व्यवस्था और पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट को लेकर भी कमियां बताई गईं। खाद्य लाइसेंस उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं पाया गया। प्रतिष्ठान को सुधार के लिए नोटिस दिया गया।
रजवाड़ी समेत कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, अब लैब रिपोर्ट पर नजर
कैट रोड स्थित रजवाड़ी रेस्टोरेंट से पनीर और ग्रेवी के नमूने लिए गए। यहां भी फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र और पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। विभाग ने सुधार के लिए सूचना पत्र जारी किया।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब इंदौर में बड़े फूड आउटलेट्स की जांच पहले से तेज है। इससे पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने Domino’s, KFC, Pizza Hut, Subway और La Pino’z जैसे प्रमुख आउटलेट्स का भी निरीक्षण किया था, जहां स्वच्छता, स्टोरेज, कीट नियंत्रण और दस्तावेजों से जुड़ी विभिन्न कमियां रिपोर्ट हुई थीं।
अब निगाहें लिए गए खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट पर हैं। विभाग के अनुसार निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं होने या जांच में नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होने पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
Legal Disclaimer: This report is based on departmental inspection reports and media reports; reported deficiencies are subject to laboratory testing, verification, and due process.