भोजशाला पहुंचे CM मोहन यादव, ‘वाग्देवी लोक’ निर्माण की बड़ी घोषणा.
CM Mohan Yadav Visits Bhojshala, Announces Construction of ‘Vagdevi Lok’

Special Correspondent, Richa Tiwari, Bhopal, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, धार। भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद विवाद पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के फैसले के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को पहली बार धार स्थित भोजशाला परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने मां वाग्देवी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अपनी यात्रा की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए भोजशाला को “सनातन संस्कृति के स्वाभिमान का प्रतीक” बताया। उनके दौरे और घोषणाओं के बाद भोजशाला एक बार फिर प्रदेश की राजनीति और सांस्कृतिक विमर्श के केंद्र में आ गई है।
“अब अदालतें फैसले देती हैं, मामले नहीं लटकाती”
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान हाईकोर्ट के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि अब समय बदल चुका है। उन्होंने कहा कि अदालतें अब मामलों को “लटकाने और भटकाने” के बजाय समय पर निर्णय दे रही हैं।
सीएम के इस बयान को भोजशाला विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है, जो लंबे समय से न्यायालय में विचाराधीन रहा है।
धार में बनेगा ‘वाग्देवी लोक’
मुख्यमंत्री ने धार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े भोजशाला परिसर के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि मां वाग्देवी की स्मृति और गौरव को संजोने के लिए भव्य “वाग्देवी लोक” का निर्माण किया जाएगा।
इसके साथ ही राजा भोज के योगदान, स्थापत्य कला, आयुर्वेद और जल संरक्षण पर शोध के लिए अत्याधुनिक “राजा भोज शोध संस्थान” स्थापित करने की भी घोषणा की गई।
₹88 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
धार जिले के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने ₹88 करोड़ 40 लाख की लागत वाले 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया।
इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण, सब्सिडी और सहायता राशि के चेक एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
जल संरक्षण अभियान में खुद उतरे सीएम
‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने धार जिले की सराहना की और कहा कि जल संरचनाओं के पुनरुद्धार में धार प्रदेश में छठवें स्थान पर है।
इसके बाद मुख्यमंत्री धारेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना करने के बाद देवी सागर तालाब पर श्रमदान भी किया। उन्होंने लोगों से जल संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
मंच पर मौजूद रहे कई दिग्गज
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर, प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक नीना वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।