सफेद दूध, काले सवाल: डेयरियों पर छापे में बिना लेबल का मिल्क पाउडर, सीहोर ओर राजगढ़ से लैब पहुंचे सैंपल.
White Milk, Dark Questions: Unlabelled Milk Powder Found in Dairy Raids, Samples from Sehore and Rajgarh Sent to Lab.

Special Correspondent, Richa Tiwari, Bhopal, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, सीहोर/राजगढ़/भोपाल।
आपकी थाली में पहुंचने वाला दूध, पनीर और मावा कितना सुरक्षित है? इसी सवाल के बीच सीहोर और राजगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी इकाइयों पर ताबड़तोड़ निरीक्षण कर सैंपल जब्त किए हैं। सीहोर में चार डेयरियों से दूध, पनीर, मावा और दही के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जिलेटिन और बिना दस्तावेज 10 हजार लीटर दूध का सवाल
विभागीय रिपोर्टों के अनुसार अल्फा प्रोटीन मिल्क फूड प्राइवेट लिमिटेड में नॉन-फूड ग्रेड जिलेटिन के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी सामने आई है। वहीं हम्बल काउ मिल्क फूड प्राइवेट लिमिटेड में करीब 10 हजार लीटर दूध का स्टॉक मिला, जिसके पर्याप्त दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। विभाग ने स्टॉक और उसके स्रोत की अलग से जांच शुरू कर दी है।
पनीर, मावा, दही के सैंपल: रिपोर्ट के बाद गिरेगी गाज?
शुद्धम मिल्क प्रोडक्ट्स से पनीर तथा कोलीपुरा स्थित मिलकी वे मिल्क डेयरी से पनीर, मावा और दही के नमूने लिए गए। अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट में मानकों का उल्लंघन मिलने पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई होगी। असली परीक्षा यही है कि केवल सैंपलिंग तक सीमित रहने के बजाय दोषियों पर कार्रवाई होती है या नहीं।
राजगढ़: बिना लेबल का मिल्क पाउडर, न तकनीकी विशेषज्ञ, न मेडिकल प्रमाण-पत्र
राजगढ़ के कुरावर-पीपलखेड़ी स्थित हम्बल काउ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में उड़न दस्ते को 25 किलो की मैक्सी फ्रेश स्किम्ड मिल्क पाउडर की बोरी मिली, जिस पर बैच नंबर, पैकिंग तिथि और निर्माता का नाम-पता अंकित नहीं था। करीब 23 किलो पाउडर, पनीर और मावा के नमूने जांच के लिए भेजे गए। मौके पर तकनीकी व्यक्ति नहीं मिला और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। हालांकि कोल्ड स्टोरेज, साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
अब निगाहें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं।
Legal Disclaimer: This report is based on media reports, inspection reports and information available at the time of publication. The allegations and observations mentioned herein are subject to laboratory testing, investigation and due legal process. No establishment named herein is deemed guilty unless violations are established by a competent authority or court of law.