MP SAMVAAD LOGO 2

न नंबर प्लेट, न ई-टीपी — फिर भी दौड़ते रहे वाहन, कटनी में खनिज विभाग ने पकड़ा.

0

No Number Plate, No E-Transit Pass — Yet the Vehicles Kept Running; Katni Mining Department Finally Cracks Down.

Special Correspondent, Katni, MP Samwad News.

MP संवाद समाचार, कटनी। कटनी जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख एंट्री पॉइंट्स, बाईपास मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर दो वाहनों को जब्त किया। हालांकि इस कार्रवाई के बाद यह सवाल भी उठने लगे हैं कि जिले में लंबे समय से चल रहे अवैध खनिज परिवहन के बड़े नेटवर्क पर आखिर कब प्रभावी कार्रवाई होगी?

बिना नंबर प्लेट और बिना ई-टीपी दौड़ रहा था वाहन

खनिज विभाग की टीम ने पौसरा बाईपास पर डस्ट से लदे एक संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन पर नंबर प्लेट नहीं मिली और चालक वैध ई-ट्रांजिट पास (ई-टीपी) भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर वाहन को तत्काल जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया। यह मामला इस बात की ओर इशारा करता है कि जिले की सड़कों पर बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन का खेल अब भी जारी है।

चाका बाईपास पर पकड़ा गया ओवरलोड वाहन

इसी दौरान ग्राम चाका के आगे चाका बाईपास पर गिट्टी से भरे एक भारी वाहन की जांच की गई। वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज परिवहन करता पाया गया।

ओवरलोडिंग की पुष्टि होने पर वाहन को जब्त कर थाना कुठला की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। प्रशासन का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

दो वाहन जब्त, लेकिन बड़ा सवाल कायम

खनिज विभाग की कार्रवाई के बावजूद स्थानीय स्तर पर यह चर्चा बनी हुई है कि जिले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में खनिज से भरे वाहन विभिन्न मार्गों से गुजरते हैं।

ऐसे में केवल दो वाहनों की जब्ती क्या अवैध खनिज कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पर्याप्त है? यह सवाल अब भी जवाब मांग रहा है।

हाईटेक ई-चेक गेट से होगी निगरानी

प्रशासन ने बताया कि सुरखी टैंक के पास स्थापित हाईटेक “ई-चेक गेट” सिस्टम के माध्यम से खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।

यह सिस्टम बिना ट्रांजिट पास, बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों की पहचान कर तत्काल ई-चालान और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

अभियान में टीम ने निभाई सक्रिय भूमिका

पूरे अभियान में सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, खनिज निरीक्षक कमलकांत परस्ते, होमगार्ड सिपाही ज्ञानेंद्र सिंह एवं उमेश मिश्रा सहित विभागीय अमले ने विभिन्न मार्गों पर घंटों निगरानी रखकर संदिग्ध वाहनों की जांच की।

कलेक्टर का सख्त संदेश

कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्पष्ट कहा है कि जिले की खनिज संपदा की चोरी और अवैध परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को राजसात करने, भारी जुर्माना लगाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियमों के तहत निरंतर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बड़ा सवाल

जब जिले में वर्षों से अवैध खनिज परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं, तब क्या सिर्फ दो वाहनों की जब्ती से पूरा नेटवर्क थम जाएगा? या फिर बड़े खिलाड़ियों तक पहुंचने के लिए और व्यापक कार्रवाई की जरूरत है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

In respect of all matters arising under and in relation to this Company or the Arrangement and waives, the exclusive jurisdiction of the courts of the Bhopal and the laws of Madhya Pradesh and India, to the fullest extent possible, shall be applicable. | CoverNews by AF themes.