अवैध रेत परिवहन रोकने गए प्रधान आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचला, आरोपी गिरफ्तार.
Head Constable Crushed by Tractor While Trying to Stop Illegal Sand Transportation, Accused Arrested.

Special Correspondent, Sudheer Tamrakar, Balaghat, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, बालाघाट। बालाघाट जिले के लालबर्रा थाना क्षेत्र से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अवैध रेत खनन और परिवहन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर रेत माफिया ने हमला कर दिया। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने दबंगई दिखाते हुए प्रधान आरक्षक राजेश्वर रहाँगडाले पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और एक बार फिर अवैध रेत कारोबारियों के बढ़ते हौसलों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो बनाते ही भड़का चालक, आरक्षक पर चढ़ा दिया ट्रैक्टर
जानकारी के मुताबिक लालबर्रा थाने में पदस्थ आरक्षक सुशील और प्रधान आरक्षक राजेश्वर रहाँगडाले को कामथी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि जब पुलिसकर्मी घटनास्थल का वीडियो रिकॉर्ड करने लगे, तभी ट्रैक्टर चालक ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए सीधे प्रधान आरक्षक पर वाहन चढ़ा दिया।
गंभीर हालत में गोंदिया रेफर
हमले में घायल प्रधान आरक्षक राजेश्वर रहाँगडाले को तुरंत जिला चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गोंदिया रेफर कर दिया।
घटना के बाद पुलिस विभाग में भी आक्रोश का माहौल है।
देर रात अस्पताल पहुंचे IG और SP
घटना की जानकारी मिलते ही आईजी ललित शाक्यवार और एसपी आदित्य मिश्रा देर रात जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरक्षक के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। साथ ही ट्रैक्टर को भी जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रेत माफिया पर कार्रवाई या सिर्फ दिखावा?
बालाघाट सहित प्रदेश के कई जिलों में अवैध रेत खनन लंबे समय से बड़ा मुद्दा बना हुआ है। कार्रवाई के दावों के बावजूद रेत माफिया के हौसले लगातार बुलंद दिखाई दे रहे हैं।
बड़ा सवाल यह है कि जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन उठाएगा?