MP SAMVAAD LOGO 2

राजनगर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया सहित दो दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज।

0

A case of murder registered against two dozen people including BJP candidate from Rajgarh Arvind Pateria.

कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक निगम पार्षद की गाड़ी से कुचलकर हत्या। हमले में बाल बाल बचे वर्तमान विधायक व कांग्रेस प्रत्याशी नातीराज।

संतोष सिंह तोमर

छतरपुर। राजनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर हुए प्राणघातक हमले में समर्थक कांग्रेस पार्षद की मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों, कांग्रेस प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने खजुराहो थाना घेर लिया। कांग्रेस प्रत्याशी और मृतक के परिजनों ने क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। जिसके बाद पुलिस ने भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार छतरपुर जिले के राजनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नातीराजा पर गुरुवार रात जानलेवा हमला हुआ। इस दौरान उन्हें बचाने की कोशिश में उनके साथी व गाड़ी चला रहे कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष व निगम पार्षद सलमान खान की हत्या कर दी गई। भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया के समर्थकों ने गाड़ी रोक कर नातीराजा पर बंदूक तान दी थी। उन्हें बचाने के लिए सलमान आगे आए तो 20-25 बदमाशों ने उन पर धारदार हथियारों, कुल्हाड़ी और डंडों से वार कर दिया। वे नीचे गिरे तो बदमाशों ने सलमान को गाड़ी से कुचल दिया और मौके से भाग निकले। हत्या व प्राणघातक हमले के प्रयास के मामले में खजुराहो थाने में पटेरिया व उनके समर्थकों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास से संबंधित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।छतरपुर जिले की राजनगर विधानसभा सीट पर मतदान से एक दिन पहले यह हमला हुआ। आरोप है कि भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया के समर्थक शराब बांट रहे थे। रात को जब इसकी सूचना विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी नातीराजा और उनके समर्थकों को मिली तो वे मौके पर पहुंचे और वहां यह वारदात हुई। नातीराजा और समर्थक हमले में गंभीर रूप से घायल सलमान को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। वहां सलमान की जान बचाने की कोशिश की गई, लेकिन प्रयास विफल रहे। इसके बाद नातीराजा अपने समर्थकों के साथ खजुराहो थाने पहुंचे। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया और उनके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया और शिकायत दर्ज कराई। अरविंद पटेरिया खजुराहो सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खास बताए जाते हैं। राजनगर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया ने आरोपों का खंडन किया है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात लगभग तीन बजे सूचना मिली थी कि रलिया फॉल से तोरिया की तरफ जो रास्ता जाता है, वहां भाजपा के प्रत्याशी अरविंद पटेरिया के साथ कुछ गाड़ियां थीं। कांग्रेस के प्रत्याशी नातीराजा के समर्थक भी अपनी गाड़ियों में थे। इसी दौरान विवाद के बाद हमला किया गया। इसमें सलमान की मौत हो गई।

थाने में रोते दिखाई दिए नातीराजा

कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह नातीराजा ने थाने में पुलिस अधिकारियों से पटेरिया पर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की। नातीराजा ने रोते-बिलखते कहा कि हमें जीने का अधिकार भी नहीं है। यह कैसी सरकार है। नातीराजा ने कहा कि उन लोगों ने अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि चढ़ा दो गाड़ी इन पर। मैं गाड़ी में आ गया, लेकिन सलमान नहीं आ सका अंदर। प्रत्यक्षदर्शी शाहिद खान ने आरोप लगाया कि हम चार गाड़ियों में थे। पटेरिया के लोग शराब बांट रहे थे। नातीराजा की गाड़ी को रोका और जब सलमान बाहर निकले तो उन पर हमला कर दिया। पटेरिया के लोगों की 12-13 गाड़ियां थी। वहीं इस मामले की खबर मिलने के बाद क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी घासीराम पटेल भी अपने समर्थकों सहित खजुराहो थाने जा पहुंचे और विधायक नातीराजा का समर्थन करते हुए मौजूद पुलिस अधिकारियों से इस मामले में बिना किसी पक्ष पात के कार्यवाही करने की मांग की। इस दौरान वहां मौजूद आक्रोशित लोगों ने अरविंद पटेरिया मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।

इलाके में तनाव, गुस्साए लोगों ने किया हंगामा

राजनगर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर विक्रम सिंह नाती राजा के समर्थक और जिला कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व निगम पार्षद सलमान खान की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस ने बीजेपी के प्रतिद्वंदी उम्मीदवार अरविंद पटेरिया पर हत्या का आरोप लगाया है। क्षेत्र के लवकुश नगर में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। कांग्रेस नेता सलमान खान की कार से कुचलकर मौत के मामले को लेकर गुस्साए लोगों ने भाजपा नेताओं की गाड़ियों पर पथराव कर दिया। लोगों ने डंडों से कारों के कांच फोड़ दिए. हंगामा, पथराव और कारों में डंडे चलाना का वीडियो सामने आया है।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

इस हमले की घटना को लेकर खजुराहो थाने पर कांग्रेस प्रत्याशी और कार्यकर्ताओं के जमावड़े की खबर मिलने के बाद कलेक्टर संदीप जीआर और पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि सलमान खान की मौत और विधायक विक्रम सिंह नातीराजा पर जानलेवा हमले के मामले में राजनगर के भाजपा प्रत्याशी अरविंद पटेरिया सहित उनके समर्थकों पर खजुराहो थाने में धारा 302, 307, 147, 149 294, 506 का मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

In respect of all matters arising under and in relation to this Company or the Arrangement and waives, the exclusive jurisdiction of the courts of the Bhopal and the laws of Madhya Pradesh and India, to the fullest extent possible, shall be applicable. | CoverNews by AF themes.