पुलिस अभियान बनाम जमीनी हकीकत, आखिर नशा कारोबार पर लगाम कब?
Police Crackdown vs Ground Reality: When Will the Illegal Drug Trade Be Curbed?

Special Correspondent, Katni, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, कटनी। कटनी जिले में नशा मुक्त समाज बनाने के पुलिस के दावों के बीच एनकेजे थाना क्षेत्र के जुहला गांव से सामने आए आरोपों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांव में एक महिला द्वारा खुलेआम गांजा बिक्री का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है, जिसकी चपेट में सबसे अधिक युवा और किशोर वर्ग आ रहा है।
किताबों की जगह नशे की गिरफ्त में युवा
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नशे की उपलब्धता इतनी आसान हो चुकी है कि युवा पीढ़ी तेजी से इसकी गिरफ्त में फंसती जा रही है। जिन हाथों में शिक्षा और रोजगार के सपने होने चाहिए, वे कथित रूप से नशे की ओर बढ़ रहे हैं। इससे गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और अभिभावकों की चिंता बढ़ती जा रही है।
क्या गांव-गांव तक फैल चुका है नशे का नेटवर्क?
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि केवल जुहला गांव ही नहीं, बल्कि एनकेजे थाना क्षेत्र के अन्य गांवों और कुछ शहरी इलाकों में भी अवैध गांजा, कच्ची शराब और सट्टे का कारोबार पनप रहा है। लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद इन गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
दावे बड़े, लेकिन सवाल भी बड़े
जिला पुलिस द्वारा लगातार नशे के खिलाफ अभियान चलाने और कार्रवाई करने के दावे किए जाते हैं। बावजूद इसके यदि गांव-गांव तक कथित रूप से नशीले पदार्थ पहुंच रहे हैं, तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर यह नेटवर्क सक्रिय कैसे है?
क्या स्थानीय स्तर पर निगरानी कमजोर पड़ गई है, या फिर कार्रवाई के बावजूद नशा कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं?
कार्रवाई होगी या फिर सिर्फ चर्चा?
अब लोगों की निगाहें एनकेजे थाना पुलिस और जिला पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं। ग्रामीणों की मांग है कि पूरे क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
लोगों का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल घोषणाओं और अभियानों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखाई देने वाली कार्रवाई से जीती जा सकती है।
इनका कहना है
“कई स्थानों पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अन्य जगहों पर गांजा और शराब की शिकायतों पर भी कार्रवाई की जाएगी।”
– रूपेंद्र राजपूत, एसआई एवं थाना प्रभारी, एनकेजे