कटनी हाईवे पर संकटमोचक बने कक्का.
Kakka Emerges as a Troubleshooter on the Katni Highway.

Special Correspondent, Harishankar Parashar, Katni, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र के जुहला गांव में पुलिस की कथित मारपीट से घायल हुए नाबालिग बालक को लेकर रविवार को बड़ा बवाल खड़ा हो गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कटनी-शहडोल नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों का आरोप था कि जुहला निवासी नाबालिग विक्कु यादव (पुत्र सोनेलाल यादव) के साथ पुलिस द्वारा मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
जाम में फंसे राकेश जैन कक्का, हालात देख पहुंचे मौके पर
इसी दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश जैन कक्का अपने भदौरा स्थित फार्म हाउस से कटनी लौट रहे थे। उनकी गाड़ी भी चक्काजाम में फंस गई।
जाम का कारण जानने के लिए कक्का स्वयं वाहन से उतरकर मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार तथा ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
सड़क पर प्रदर्शन, बिगड़ रही थी बच्चे की हालत
मौके पर एक ओर आक्रोशित परिजन नाबालिग को सड़क पर लिटाकर प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर घायल बच्चे की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत चल रही थी, लेकिन समाधान नहीं निकल पा रहा था।
स्थिति को गंभीर देखते हुए राकेश जैन कक्का ने तत्काल हस्तक्षेप किया।
सबसे पहले बच्चे को अस्पताल पहुंचाने पर दिया जोर
कक्का ने प्राथमिकता देते हुए डायल-112 की सहायता से घायल नाबालिग विक्कु यादव को जिला अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था कराई। वहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते उपचार की व्यवस्था होने से बच्चे को राहत मिली।
पीड़ित परिवार और पुलिस के बीच बनाई संवाद की राह
घायल बच्चे को अस्पताल भेजने के बाद राकेश जैन कक्का ने पीड़ित परिवार और पुलिस अधिकारियों के बीच संवाद स्थापित कराया।
उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर मामले की निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण कार्रवाई का आश्वासन दिलवाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों का आक्रोश शांत हुआ और चक्काजाम समाप्त कराया गया।
जाम में फंसी तीन एंबुलेंस को भी दिलाया रास्ता
चक्काजाम के चलते तीन एंबुलेंस भी लंबे समय से फंसी हुई थीं। कक्का ने तत्काल रास्ता खुलवाने की पहल की, जिससे एंबुलेंसों को आगे बढ़ने का रास्ता मिला और मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।
अवैध शराब के खिलाफ भी उठाई आवाज
मौके पर ग्रामीणों से चर्चा के दौरान राकेश जैन कक्का ने जुहला गांव में कथित रूप से खुलेआम हो रही अवैध शराब बिक्री का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए, क्योंकि इसके कारण आए दिन विवाद और कानून-व्यवस्था की समस्याएं सामने आ रही हैं।
ग्रामीणों ने सराही पहल
पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने राकेश जैन कक्का की त्वरित पहल और संवेदनशील रवैये की सराहना की। उनका कहना था कि कक्का ने केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं की, बल्कि मौके पर पहुंचकर घायल बच्चे के उपचार, चक्काजाम समाप्त कराने और प्रशासन से संवाद स्थापित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संकट की घड़ी में दिखी मानवीय संवेदनशीलता
जुहला की घटना में राकेश जैन कक्का की भूमिका एक जनप्रतिनिधि से आगे बढ़कर संकटमोचक की रही। उनकी पहल से न केवल तत्काल तनाव कम हुआ, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच संवाद का रास्ता भी खुला।