MP SAMVAAD LOGO 2

विकास के दावे कागजों में, सड़क पर उग आए ‘बेसरम’ के पौधे.

0

Development Claims Remain on Paper, ‘Besharam’ Plants Now Grow on the Road.

Special Correspondent, Katni, MP Samwad News.

कटनी। विकास और बेहतर सड़कों के दावों के बीच कटनी जिले के देवरी-मझगवा मार्ग की बदहाल स्थिति ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बरसात की शुरुआत होते ही सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

गड्ढों में पौधे लगाकर जताया विरोध

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत समाजसेवी एवं अधिवक्ता ब्रह्मदत्त तिवारी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने देवरी-मझगवा मार्ग पर बने गहरे गड्ढों में बेसरम के पौधे रोपकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब विभाग सड़क की मरम्मत नहीं कर पा रहा है, तो गड्ढों को ही पौधारोपण स्थल बना दिया जाए।

सड़क की हालत से लोग परेशान

ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका और अधिक बढ़ गई है।

विभाग को बताया जिम्मेदार

अधिवक्ता ब्रह्मदत्त तिवारी ने कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मार्ग का सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

जनता ने उठाई मरम्मत की मांग

विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए। सभी ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से तत्काल सड़क मरम्मत कराने की मांग की। लोगों का कहना है कि खराब सड़क न केवल दैनिक आवागमन में बाधा बन रही है, बल्कि यह किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकती है।

अब जिम्मेदारों की परीक्षा

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब यह देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी जनता की इस अनोखी चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेते हैं। सवाल यह है कि सड़क की मरम्मत होगी या फिर यह मार्ग यूं ही गड्ढों में तब्दील होकर लोगों की परेशानी बढ़ाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

In respect of all matters arising under and in relation to this Company or the Arrangement and waives, the exclusive jurisdiction of the courts of the Bhopal and the laws of Madhya Pradesh and India, to the fullest extent possible, shall be applicable. | CoverNews by AF themes.