MP SAMVAAD LOGO 2

ग्वालियर में नकली दूध-पनीर फैक्ट्री का भंडाफोड़! डेयरी से मिला ‘जहरीला खेल’

0

Fake Milk and Paneer Factory Busted in Gwalior! ‘Toxic Racket’ Exposed at Dairy Unit.

Special Correspondent, Anuj Pandey, Gwalior, MP Samwad News.

MP संवाद समाचार, ग्वालियर। ग्वालियर में मिलावटी दूध और नकली पनीर के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सागरताल रोड स्थित एक डेयरी पर छापा मारकर ऐसे खेल का पर्दाफाश किया, जिसने लोगों की सेहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में सामने आया कि दूध और मिल्क क्रीम में बाहरी फैट मिलाया जा रहा था, जबकि पनीर तैयार करने में रिफाइंड तेल, वनस्पति घी, सोया तेल और बेकिंग पाउडर का इस्तेमाल किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान विभाग ने डेयरी को सील कर दिया और बड़ी मात्रा में संदिग्ध दूध मौके पर ही नष्ट कराया।

दूध में बाहरी फैट, पनीर में तेल और केमिकल!

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आनंद नगर चौराहा, सागरताल रोड स्थित श्याम डेयरी पर औचक निरीक्षण किया। मौके पर डेयरी संचालक अभिताव सिंह किरार दूध गर्म करते मिले, जबकि परिसर में बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री रखी हुई थी।

जांच में दूध और मिल्क क्रीम में बाहरी फैट की मिलावट पाई गई। वहीं टीम को मौके से रिफाइंड सोया तेल, वनस्पति घी, बेकिंग पाउडर और ब्रांडेड रैपर भी मिले, जिनका उपयोग कथित तौर पर नकली पनीर बनाने में किया जा रहा था।

पूछताछ में नहीं दे पाया जवाब, बढ़ा शक

अधिकारियों ने जब डेयरी संचालक से इन सामग्रियों के उपयोग को लेकर पूछताछ की, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद मिलावट की आशंका और गहरी हो गई।

जांच में यह भी सामने आया कि डेयरी बिना वैध फूड लाइसेंस के संचालित की जा रही थी, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है।

98 लीटर दूध नष्ट, कई सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान विभाग ने:

  • 98 लीटर संदिग्ध दूध नष्ट कराया
  • 25 किलो मिल्क क्रीम जब्त की
  • 2 लीटर रिफाइंड तेल और 1 किलो बेकिंग पाउडर जब्त किया

सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।

शीतला डेयरी से भी लिए गए नमूने

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने आनंद नगर स्थित शीतला डेयरी का भी निरीक्षण किया। यहां से भी दूध के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विशेषज्ञों ने बताया बड़ा खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार दूध और पनीर में मिलावट से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। अधिक मुनाफे के लिए रिफाइंड तेल, डिटर्जेंट, यूरिया, बेकिंग सोडा और अन्य केमिकल मिलाए जाते हैं, जो शरीर के लिए बेहद खतरनाक होते हैं।

ऐसे मिलावटी उत्पादों के सेवन से:

  • पाचन संबंधी समस्याएं
  • लीवर और किडनी पर असर
  • बच्चों और बुजुर्गों में गंभीर स्वास्थ्य खतरे

जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

बड़ा सवाल

क्या शहरों में खुलेआम बिक रहा है ‘जहरीला दूध और नकली पनीर’? और खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बावजूद मिलावटखोरों पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

In respect of all matters arising under and in relation to this Company or the Arrangement and waives, the exclusive jurisdiction of the courts of the Bhopal and the laws of Madhya Pradesh and India, to the fullest extent possible, shall be applicable. | CoverNews by AF themes.