FCI के चावल की संदिग्ध यात्रा, तीन ट्रकों ने खोली बड़े खेल की पोल.
Suspicious Journey of FCI Rice: Three Trucks Expose a Major Diversion Racket.

Special Correspondent, Anand Tamrakar, Balaghat, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, बालाघाट। भारतीय खाद्य निगम (FCI) द्वारा एथेनॉल उत्पादन के लिए कंपनियों को आवंटित किए गए चावल की हेराफेरी का मामला बालाघाट में तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि एथेनॉल निर्माण के लिए भेजा गया चावल अपने निर्धारित गंतव्य तक पहुंचने के बजाय रास्ते में ही राइस मिलों को बेच दिया गया।
नवेगांव कोसमी गोदाम से निकले तीन ट्रक, एक राइस मिल में पकड़ा गया
मामले में नवेगांव कोसमी गोदाम से एवीजे एग्रीको प्राइवेट लिमिटेड, सौंसर (छिंदवाड़ा) के लिए रवाना किए गए तीन ट्रकों में से एक ट्रक वारासिवनी स्थित संचेती राइस मिल परिसर में खड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया।
इस मामले में राइस मिल संचालक, ट्रक चालक और कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पूरे प्रकरण की जांच के लिए गठित एसआईटी (विशेष जांच दल) मामले की विवेचना कर रही है।
फरार दो ट्रक सिवनी से बरामद
जांच के दौरान फरार बताए जा रहे दो अन्य ट्रकों की तलाश की गई। पुलिस ने दोनों ट्रकों को सिवनी जिला मुख्यालय स्थित नंदगोपाल इंडस्ट्रीज परिसर से बरामद कर जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों वाहनों को वारासिवनी थाना लाया गया।
चालक गिरफ्तार, रिमांड पर पूछताछ जारी
संचेती राइस मिल में पकड़े गए ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने आरोपी चालक को रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
जांच के घेरे में चावल आपूर्ति की पूरी श्रृंखला
एसआईटी अब इस बात की जांच कर रही है कि एथेनॉल उत्पादन के लिए आवंटित चावल आखिर राइस मिलों तक कैसे पहुंचा। जांच एजेंसियां परिवहन, आपूर्ति और खरीद-बिक्री से जुड़े सभी पक्षों की भूमिका खंगाल रही हैं। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।