MP SAMVAAD LOGO 2

मुख्यमंत्री डॉ. यादव, केंद्रीय मंत्री श्री यादव और अन्य जन-प्रतिनिधियों ने इंदौर की बीएसएफ रेंज में किया पौध-रोपण

0

भोपाल
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संकल्प “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने आज इंदौर स्थित बीएसएफ रेंज क्षेत्र में वृह्द पौध-रोपण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए अपनी माताजी की स्मृति में पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने अपनी माताजी स्व. श्रीमती लीलाबाई श्री पूनमचंद जी यादव की स्मृति में बरगद का पौधा लगाया। केन्द्रीय मंत्री श्री यादव ने अपनी माताजी स्व. श्रीमती संतरा यादव, प्रदेश के नगरीय निकाय एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी माताजी स्व.श्रीमती अयोध्या देवी विजयवर्गीय की स्मृति में आम का वृक्ष लगाया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा आदिकाल से इंदौर और उज्जैन का पर्यावरण के महत्व में विशेष संबंध रहा है। मां क्षिप्रा सहित 7 नदियों के उद्गम का स्थल इन्दौर है। देश एवं दुनिया में इंदौर की विशेष पहचान है। क्लीन सिटी के साथ अब ग्रीन सिटी में भी इंदौर अवश्य नम्बर वन बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर में वृहद पौध-रोपण के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान पर देश में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से पौध-रोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री के प्रयास से मध्यप्रदेश को चीते मिले, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा भारतीय समाज सदैव से प्रकृति पूजक रहा है। भारत की वैदिक परंपराओं में कहा गया है कि 10 कुओं के समान एक सरोवर, 10 सरोवर के समान एक तालाब, 10 तालाब के समान एक पुत्र और 10 पुत्रों के समान एक वृक्ष होता है। ऐसी हमारी वैदिक मान्यता होकर वृक्ष की महत्ता हमारी परम्परा में है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर क्लीन सिटी के साथ ग्रीन सिटी बनेगा, इसी संकल्प के साथ पूरा इंदौर इस अभियान से जुड़ा है।

केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने कहा प्रधानमंत्री ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान का शुभारंभ किया। पूरे देश में 140 करोड़ पौधे लगाने का महा अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा इस वर्ष गर्मी का प्रचंड रूप 45 से 50 डिग्री तापमान के रूप में देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री श्री यादव ने कहा कि पूरी दुनिया में विकास और परियोजनाओं को पूरा करने के लिए मनुष्य ने कांक्रिट के शहर तो बसा दिए लेकिन धरती की हरियाली को नष्ट कर दिया। मनुष्य कितनी भी तरक्की कर ले लेकिन भोजन, पानी, दवाओं का अंतिम तत्व सहित कई आवश्यक चीज प्रकृति उपहार में देती है लेकिन हम प्रकृति को इसके बदले में क्या लौटाते है। एक मां ने हमें जन्म दिया तथा एक धरती मां हमें जीवन जीने के साधन प्रदान करती है। जीवन देने वाली "मां" को नमन करने और प्रकृति मां के प्रति सम्मान के प्रति हरी भरी धरती देने के संकल्प को पूरा करना हमारा कर्तव्य है। धरती केवल इंसान के लिए नहीं समस्त जीव मात्र के लिए है, इसलिए देश में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत प्रत्येक देशवासी से पौध-रोपण का आह्वान किया गया है। वृक्षारोपण की पहल में म.प्र. का प्रयास सराहनीय है। इंदौरवासियों का क्लीन इंदौर के साथ ग्रीन इंदौर बनाने का अभियान प्रशंसनीय है। केन्द्रीय मंत्री श्री यादव एवं मुख्यमंत्री डॉ.यादव का सम्मान पगड़ी, अंगवस्त्र के साथ स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

नगरीय निकाय एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर के ग्रीन कवरेज को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए 51 लाख पौधों का रोपण कर इनके संरक्षण के लिए भी विशेष प्रयास किये जाएंगे। मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं द्वारा पौध-रोपण करते हुए उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ली जा रही है। इंदौर में जनभागीदारी से अभियान को प्रभावी तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है। इन्दौर को ग्रीन कवरेज में नंबर-1 बनाएंगे।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक श्री गोलू शुक्ला, श्री मधु वर्मा, श्री रमेश मेंदोला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना मालवीय, श्री कृष्ण मुरारी मोघे, श्री गौरव रणदीवे, श्री चिन्टू वर्मा सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं, पर्यावरण प्रेमी और नागरिक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

In respect of all matters arising under and in relation to this Company or the Arrangement and waives, the exclusive jurisdiction of the courts of the Bhopal and the laws of Madhya Pradesh and India, to the fullest extent possible, shall be applicable. | CoverNews by AF themes.