कटनी में खनिज विभाग अलर्ट: अवैध परिवहन पर कार्रवाई.
Mining Department on Alert in Katni: Action Taken Against Illegal Transportation.

Special Correspondent, Katni, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, कटनी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन अब सख्त मोड में नजर आ रहा है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में खनिज विभाग लगातार कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं पर शिकंजा कस रहा है।
वित्तीय वर्ष के समापन को देखते हुए राजस्व वृद्धि और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विभागीय टीम मैदानी स्तर पर सक्रिय है। इसी कड़ी में शनिवार को खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गिट्टी परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को पकड़कर जब्त कर लिया।
जांच के दौरान वाहनों के दस्तावेजों में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते तत्काल कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों को अग्रिम कानूनी प्रक्रिया के लिए थाना कुठला की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
इस कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग के कमलकांत परस्ते, पवन कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।