cropped-mp-samwad-1.png

कार में लगी आग और सब खत्म—बालाघाट हादसे की सच्चाई.

0

Fire in the Car and Everything Was Over — The Truth Behind the Balaghat Accident.

Special Correspondent, Anand Tamrakar, Balaghat, MP Samwad News.

MP संवाद समाचार, बालाघाट। नियति का एक क्रूर खेल… और पलभर में सब कुछ खत्म। शनिवार देर रात बैहर–मलाजखंड मार्ग पर हुआ भीषण सड़क हादसा एक पूरे परिवार की खुशियों को जलाकर राख कर गया। केवलारी चौराहे के पास चलती आल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई और देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई।

इस भयावह हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच निकली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परसवाड़ा क्षेत्र के ग्राम पोंडी निवासी सितम केलकर अपने परिवार के साथ पौनी से लौट रहे थे। कार में उनकी पत्नी सविता, तीन वर्षीय पुत्र अभि, माता नानीबाई (60 वर्ष), पिता नगारची केलकर (65 वर्ष) और पड़ोस की 8 वर्षीय बच्ची पूर्वी सवार थी। तीन दिन साथ बिताने के बाद पूरा परिवार खुशियों के साथ घर लौट रहा था, लेकिन रात करीब साढ़े 11 बजे केवलारी के पास यह सफर मौत के सफर में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और टक्कर के बाद उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

राहगीरों ने साहस दिखाते हुए कार के शीशे तोड़े और सबसे पहले बच्ची पूर्वी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसे सितम केलकर और उनकी मां नानीबाई को बाहर निकाल लिया गया। लेकिन कार के पिछले हिस्से में फंसे नगारची केलकर, सविता और मासूम अभि को बचाया नहीं जा सका। तीनों की जिंदा जलकर हुई मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। एक ओर जहां मासूम की जान बचने से थोड़ी राहत है, वहीं एक परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत ने हर आंख को नम कर दिया है।

(परसवाड़ा से नरेंद्र पप्पु शरणागत)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

In respect of all matters arising under and in relation to this Company or the Arrangement and waives, the exclusive jurisdiction of the courts of the Bhopal and the laws of Madhya Pradesh and India, to the fullest extent possible, shall be applicable. | CoverNews by AF themes.