अवैध शराब की लड़ाई अब कलेक्टर तक पहुंची, महिलाओं का बड़ा प्रदर्शन.
The fight against illegal liquor has now reached the Collector — women stage a major protest.

Special Correspondent, Katni, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, कटनी। जिले के स्लीमनाबाद क्षेत्र अंतर्गत डोंगरिया गांव की महिलाओं ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
महिलाएं गांव में जब्त की गई अवैध शराब को लोडर वाहन में भरकर सीधे कलेक्टर कार्यालय कटनी पहुंचीं और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गईं।
प्रदर्शन के दौरान करीब 30 से 40 महिलाओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर क्षेत्र में खुलेआम चल रहे अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
महिलाओं का कहना है कि गांव और आसपास के इलाकों में धड़ल्ले से बिक रही अवैध शराब ने सामाजिक माहौल बिगाड़ दिया है। घर-परिवार तबाही के कगार पर हैं, आए दिन झगड़े, घरेलू हिंसा और आर्थिक संकट जैसी स्थितियां बन रही हैं।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने अवैध शराब के अड्डों पर तुरंत सख्त कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और जिला स्तर पर बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।