गैस संकट के बीच कालाबाजारी का खेल: पुलिस ने पकड़े सिलेंडरों से भरे वाहन.
Black marketing amid gas crisis: Police seize vehicles loaded with gas cylinders.

Special Correspondent, Richa Tiwari, Bhopal, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार। भोपाल, एक ओर जहां गैस सिलेंडरों की कमी और लंबी कतारों से आम उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का खेल भी तेजी से चल रहा है। इस पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने मध्य प्रदेश के भोपाल और नीमच में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
पुलिस का कहना है कि घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री और भंडारण पर लगातार नजर रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भोपाल में 25 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
भोपाल के कोलार रोड थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध तरीके से कालाबाजारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से इंडियन कंपनी के 25 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार ये सिलेंडर घरेलू उपयोग के लिए आरक्षित थे, लेकिन इन्हें काले बाजार में बेचने के इरादे से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने पिकअप वाहन सहित सभी 25 गैस सिलेंडर जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है।
नीमच में किराना दुकान से सिलेंडर बरामद
वहीं नीमच शहर के ग्वालटोली क्षेत्र में कैंट थाना पुलिस ने अवैध गैस सिलेंडर भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक किराना दुकान में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से भंडारण कर उनकी रिफिलिंग और बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान वहां से 14 घरेलू गैस सिलेंडर और 2 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि जब्त किए गए अधिकांश सिलेंडर खाली अवस्था में थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अशोक खलीफा नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जानकारी खाद्य आपूर्ति विभाग को भी दे दी गई है ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन भी सक्रिय
घटना की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार संजय मालवीय भी कैंट थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं।
कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर व्यवस्था सुधारने और कालाबाजारी रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।