MP SAMVAAD LOGO 2

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा- खिलाड़ी करें पदक की तैयारी, आप की चिन्ता होगी हमारी

0

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पेरिस ओलम्पिक और पैरालम्पिक खिलाड़ियों से कहा कि खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय पदक जीतने की तैयारी करें, आगे की चिन्ता हम करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को टी.टी. नगर स्टेडियम में पेरिस ओलम्पिक एवं पैरालम्पिक-2024 के चैम्पियन खिलाड़ियों को सम्मान राशि एवं शासकीय सेवा में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ओलम्पिक में भारतीय हॉकी का गौरव लौटने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारे लिये गर्व की बात है कि हॉकी टीम में मध्यप्रदेश के गौरव विवेक सागर ने अपना अहम योगदान दिया और हमें गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 3 खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ और 3 खिलाड़ियों को 10-10 लाख रूपए, एक खिलाड़ी को तीन लाख रूपए और एक खिलाड़ी को दो लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि के चैक प्रदान किये। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास सारंग, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, अपर मुख्य सचिव खेल श्रीमती स्मिता भारद्वाज एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी और उनके अभिभावक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की खिलाड़ी भावना इस बात से स्पष्ट होता है कि वे पदक विजेता खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं और पदक से वंचित खिलाड़ियों को अधिक उत्साह के साथ अगली प्रतियोगिता की तैयारी के लिए प्रोत्साहित कर उनका मनोबल बढ़ाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसी कारण से ओलम्पिक में जब हमारी बहन कुश्ती में पदक हासिल नहीं कर सकी तब भी प्रधानमंत्री श्री मोदी उनका हौसला बढ़ाया। प्रधानमंत्री श्री मोदी असफलता पर सिफ खिलाड़ियों का ही नहीं, बल्कि उच्च लक्ष्यों की प्राप्ति में असफलता पर वैज्ञानिकों के प्रयासों का अभिनंदन करते हैं।

पदक विजेता खिलाड़ी बने करोड़पति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओलम्पिक पदक हासिल करने वाले हॉकी खिलाड़ी श्री विवेक प्रसाद सागर, पैरालम्पिक पदक प्राप्त जूडो खिलाड़ी श्री कपिल परमार और शूटिंग खिलाड़ी सुश्री रूबीना फ्रांसिस को राज्य सरकार की ओर से एक-एक करोड़ रुपये की राशि का चैक भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने ओलम्पिक प्रतिभागी श्री ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पैरालम्पिक प्रतिभागी सुश्री प्राची यादव और सुश्री पूजा ओझा को 10-10 लाख रुपये, विश्व 6-रेड स्नूकर वर्ल्ड चैम्पियनशिप के विजेता श्री कमल चावला को 3 लाख और डेफ शूटिंग चैम्पियनशिप के विजेता श्री चेतन हेमंत सप्कल को 2 लाख रूपये का चैक भेंट कर सम्मानित किया।

विक्रम अवॉर्डी को दिए गए नियुक्ति-पत्र
कार्यक्रम में मंत्री श्री सारंग ने वर्ष 2017 से वर्ष 2022 तक विक्रम पुरस्कार प्राप्त उत्कृष्ट खिलाड़ियों को जल संसाधन, लोक निर्माण, नगरीय विकास, ऊर्जा, चिकित्सा शिक्षा एवं वन विभाग में नियुक्ति-पत्र प्रदान किये। थ्रो-बॉल खिलाड़ी श्री चन्द्रकांत हरडे, वुशू खिलाड़ी सुश्री भूरक्षा दुबे, शूटिंग खिलाड़ी सुश्री प्रगति दुबे, खो-खो खिलाड़ी सुश्री नैन्सी जैन, मलखम्ब खिलाड़ी श्री राजवीर सिंह और जूडो खिलाड़ी सुश्री पूनम शर्मा को जल संसाधन विभाग में नियुक्ति के पत्र दिये गये। पैरा-केनो खिलाड़ी सुश्री प्राची यादव और कराते खिलाड़ी सुश्री निधि नन्हेट को लोक निर्माण विभाग में नियुक्ति पत्र, सॉफ्ट बॉल खिलाड़ी सुश्री पूजा पारखे, सुश्री रागिनी चौहान तथा योगा के श्री रोहित वाजपेई को नगरीय विकास एवं आवास विभाग का नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया।

सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी श्री जय मीणा और साहसिक खेल के श्री भगवान सिंह कुशवाह को ऊर्जा विभाग में, कबड्डी खिलाड़ी सुश्री कंचन ज्योति, सॉफ्ट बॉल खिलाड़ी श्री सुबोध चौरसिया और सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी श्री आदित्य दुबे को चिकित्सा शिक्षा, शूटिंग खिलाड़ी सुश्री चिंकी यादव को वन और सुश्री आध्या तिवारी को आयकर विभाग में नियुक्ति-पत्र सौंपा गया।

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि मैदान में उतरने वाला खिलाड़ी किस स्तर का खिलाड़ी बनेगा, यह नहीं कहा जा सकता परंतु यह सुनिश्चित है कि खेलों से जुड़ने वाला हर खिलाड़ी एक सभ्य, अनुशासित नागरिक जरूर बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी पहले ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने गांधी जी के स्वच्छता संदेश को मूर्त रूप देने का काम किया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलाए गए स्वच्छता पखवाड़े पर केन्द्रित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

In respect of all matters arising under and in relation to this Company or the Arrangement and waives, the exclusive jurisdiction of the courts of the Bhopal and the laws of Madhya Pradesh and India, to the fullest extent possible, shall be applicable. | CoverNews by AF themes.