MP SAMVAAD LOGO 2

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी वीरपुर को कॉलेज, सीएचसी का उन्नयन और पेंटुल पुल निर्माण कार्य सहित मिली कई सौगातें

0

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि वनों के विकास के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। वनों के अंदर जो निवास करते हैं, जो प्रकृति के साथ तालमेल करते हैं, उनकी सभी जरूरतें पूरी करेंगे। वनोपज बेचने का अधिकार उन्हें दिया गया है। राज्य में पेसा एक्ट का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वनों के विकास के लिए राज्य सरकार सजग है। आज 57 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया गया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में वन क्षेत्र निवासियों का चहुँमुखी विकास किया जा रहा है। वन ग्राम में वनोपज बेचने का अधिकार वन ग्राम निवासियों को दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह बात श्योपुर के वीरपुर में संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के प्रशिक्षण और जागरुकता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में वनाधिकार पट्टे भी वितरित किये गये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के विकास के लिए रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव निंरतर होंगी। ये कॉन्क्लेव लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलवाने का दायित्व हमारा है। हमारे युवा एग्री, आईटी आदि क्षेत्रों में प्रगति करें, इसके लिए सरकार पूरी मदद करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकास के मामले में सरकार किसानों, गरीबों के साथ है। जनजातीय समाज को विशेष लाभ दिया जा रहा है। वीरपुर में कॉलेज खोला जाएगा। वीरपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन किया जाएगा। यहाँ मौजूद अस्पताल को उन्नत करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वन क्षेत्र में विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। वन क्षेत्र में रहने वाले भाई-बहन प्रकृति के बीच संतुलन बनाते हुए "जियो और जीने दो" की भावना को चरितार्थ करते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकास के मामले में सरकार हमेशा जनता के साथ है। गरीब, किसान, महिलाओं और ग्राम के आखिरी छोर के व्यक्ति के साथ सरकार खड़ी है। स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार किया गया है। एयर एम्बुलेंस के माध्यम से गाँव के बीमार व्यक्ति को शहरों के बड़े अस्पताल पहुँचाया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर आगरा और दिल्ली तक भेजने की व्यवस्था भी की जाएगी। विमान में डॉक्टर, नर्स सहित जीवन-रक्षा के लिए आवश्यक उपकरणों और दवाई की उपलब्धता रखी जाएगी। यह गरीबों का भला करने वाली सरकार है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रोजगार के सभी क्षेत्रों में प्रयास करने के साथ ग्रामीण स्तर पर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए ग्राम निवासियों को अनुदान दिया जाएगा। गेहूँ और सोयाबीन की तरह ही दूध के उत्पादन पर भी बोनस दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर श्योपुर को जनजातीय प्रमाण-पत्र बनाने और उनके वितरण कार्य को तेजी से किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गाँव में बसने के लिए आबादी के लिए आवश्यकता और सुविधा अनुसार नवीन आबादी का क्षेत्र निर्मित किया जाए।

 चंबल नदी पर बनेगा पेंटुल पुल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीरपुर के क्षेत्रीय विकास के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जायेगी। वीरपुर में नंदी गाँव से गवघाट तक चंबल नदी पर पेंटुल पुल बनाया जाएगा। इससे राजस्थान की करौली माता और सवाई-माधोपुर तक आवागमन की सुविधा मिलेगी।

वन समिति सदस्यों के बच्चों को स्कूल बैग वितरित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या-पूजन से कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए 80 लाख रूपये की लागत से वन समिति सदस्यों के 13 हज़ार 700 बच्चों को स्कूल बैग वितरित किये। विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति-पथ पर आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में श्योपुर को प्रदेश का अग्रणी जिला बनाया जाएगा। खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में गरीबों को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिये निरंतर कार्य किये जा रहे हैं। सरकार जन-कल्याणकारी योजनाओं से आर्थिक एवं सामाजिक बदलाव लाने की दिशा में सतत कार्य कर रही है।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा एवं श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा कि जिले को सरकार की ओर से लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार मानते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जिला निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री रामनिवास रावत ने संयुक्त वन प्रबंधन समितियों के जागरूकता सम्मेलन के आयोजन पर प्रसन्नता जताई और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के लिये निरंतर कार्य कर रही है।

भूमि-पूजन और लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधि-विधान से पूजन कर 57 करोड़ 42 लाख रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इसमें 18 करोड़ 94 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 38 करोड़ 48 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और शिलान्यास किया गया। इसमें पीएम जन-मन योजना में श्योपुर विकासखण्ड के 6 ग्रामों में मल्टीपर्पस सेंटर निर्माण लागत 3 करोड़ 60 लाख, विजयपुर एवं कराहल विकासखण्ड क्षेत्र के 18 ग्रामों में मल्टीपर्पस सेंटर का निर्माण कार्य लागत 10 करोड़ 80 लाख और तहसील विजयपुर में 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में उन्नयन निर्माण कार्य लागत 24 करोड़ 8 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना, अध्यक्ष सहरिया विकास प्राधिकरण राज्य मंत्री दर्जा श्री तुरसनपाल बैरया, उपाध्यक्ष सहरिया विकास अभिकरण राज्य मंत्री दर्जा श्री सीताराम आदिवासी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डीबाई आदिवासी, पूर्व विधायकगण और प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

In respect of all matters arising under and in relation to this Company or the Arrangement and waives, the exclusive jurisdiction of the courts of the Bhopal and the laws of Madhya Pradesh and India, to the fullest extent possible, shall be applicable. | CoverNews by AF themes.