आतंक, नक्सल और साइबर अपराध पर ट्रिपल स्ट्राइक! आईजी कॉन्फ्रेंस में CM का संदेश.
Triple Strike on Terrorism, Naxalism, and Cybercrime! CM’s Strong Message at the IG Conference.

Special Correspondent, Richa Tiwari, Bhopal, MP Samwad News.
MP संवाद समाचार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय आईजी कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कानून-व्यवस्था, साइबर अपराधों पर नियंत्रण तथा महिला एवं बाल सुरक्षा को पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का पुलिस पर विश्वास बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है और पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
ATS की कार्रवाई का जिक्र, कहा- साजिशों को नहीं होने देंगे सफल
कॉन्फ्रेंस के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने हाल ही में एटीएस द्वारा की गई कार्रवाई का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े एक सहयोगी को गिरफ्तार कर उसके नेटवर्क का खुलासा किया है। साथ ही बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक एवं कट्टरपंथी साहित्य भी बरामद किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मध्यप्रदेश पुलिस बिल में छिपे ऐसे सपोलों को भी पकड़ने में सक्षम है और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देगी।”
ढाई वर्षों में पुलिस ने हासिल की कई बड़ी उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में मध्यप्रदेश पुलिस ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मंडला, बालाघाट और डिंडोरी जैसे क्षेत्रों में वर्षों से विकास में बाधा बने नक्सल प्रभाव को समाप्त करने में पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व को भी दिया।
साइबर अपराध और मानव तस्करी नई चुनौती
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में साइबर अपराध, मानव तस्करी, सड़क दुर्घटनाएं तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा जैसी नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। इनसे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सरकार संसाधन बढ़ाने के साथ पुलिस बल को भी लगातार मजबूत कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पुलिस भर्ती अभियान निरंतर जारी है और सरकार का लक्ष्य है कि पुलिस विभाग में कोई भी पद रिक्त न रहे।
सिंहस्थ-2028 में पुलिस पेश करेगी आदर्श व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं के इस महापर्व में मध्यप्रदेश पुलिस अपनी सतर्कता, संवेदनशीलता और सेवा भावना से देश-दुनिया के सामने उत्कृष्ट कानून-व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन का उदाहरण प्रस्तुत करेगी।
उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में पुलिस की भूमिका केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करने और सुरक्षित समाज के निर्माण में भी उसकी महत्वपूर्ण भागीदारी होगी।