कैमोर थाने तक पहुंचा खनिज माफिया का हाईवा, चालक मौके से फरार.
The mineral mafia’s Hyva truck reached Kaemor police station, driver fled from the spot.
Special Correspondent, Katni, MP Samwad News.

MP संवाद समाचार, कटनी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात बड़ा एक्शन लिया। विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम जमुवानी में लेटराइट खनिज का अवैध उत्खनन कर उसका परिवहन करते हुए खनिज विभाग की टीम ने एक हाईवा वाहन जब्त किया है।
कलेक्टर तिवारी के निर्देश पर खनिज अमले को विशेष रणनीति के तहत रात्रिकालीन कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। इसके तहत बुधवार रात 10 बजे से गुरुवार सुबह 4 बजे तक जिले की विभिन्न तहसीलों और प्रमुख मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया गया।
खनिज टीम ने कटनी-बड़वारा-विलायतकला मार्ग पर खनिज परिवहन कर रहे वाहनों के रॉयल्टी और वैध दस्तावेजों की जांच की। इसके बाद बड़वारा-रोहनिया-बसाड़ी-बरही मार्ग पर भी चेकिंग की गई। जांच के अगले चरण में बरही-विजयराघवगढ़ मार्ग पर चरी मोड़–भटूरा क्षेत्र के पास देर रात करीब 2 बजे ग्राम जमुवानी में लेटराइट की खुदाई कर परिवहन करते हुए एक हाईवा पकड़ा गया।
कार्रवाई से मचा हड़कंप, चालक मौके से फरार
आधी रात अचानक हुई इस कार्रवाई से खनिज माफिया में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय खदान संचालकों की सहायता से जब्त वाहन को सुरक्षित रूप से पुलिस थाना कैमोर परिसर में खड़ा कराकर सुपुर्द किया गया।
मुख्य मार्गों पर सघन चेकिंग से इलाके में अफरा-तफरी
जिले के अलग-अलग मुख्य मार्गों पर एक साथ चलाए गए चेकिंग अभियान से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार अवैध उत्खनन और परिवहन पर शिकंजा कसने में जुटी हुई है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, खनिज निरीक्षक कमलकांत परस्ते, आरक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह, सुशील सिंह और रमाकांत गर्ग की सराहनीय भूमिका रही।
प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जिले में खनिज माफिया के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।